नेपाल
मलंगवा में इतवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावर ने एक सब-इंजीनियर को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल इंजीनियर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सरलाही जिला मुख्यालय स्थित अवसंरचना विकास कार्यालय में कार्यरत सब-इंजीनियर प्रमोद कुमार यादव पर अज्ञात व्यक्ति ने नजदीक से सीने में गोली चला दी। गोली लगते ही वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत प्रांतीय अस्पताल मलंगवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता व डीएसपी सरोज राय ने बताया कि हमलावर की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मृतक मूल रूप से सिराहा जिला के सुखीपुर नगरपालिका के निवासी थे और मलंगवा-10 में किराए के मकान में रह रहे थे।
वहीं, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार खड़का ने बताया कि घटना की गहन जांच शुरू कर दी गई है तथा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।


