सोनौली
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 22वीं वाहिनी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नेपाल से तस्करी कर लाई गई विदेशी मक्का और किसमिस की खेप बरामद की है। जब्त सामान को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है।
शुक्रवार रात एसएसबी को गुप्त सूचना मिली कि नेपाल से तस्करी कर खाद्य सामग्री मंगल बाजार के पास एकत्र कर भारत के महानगरों में भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही एसएसबी 22वीं वाहिनी के एफ-समवाय से उप निरीक्षक हरेंद्र गोगोई के नेतृत्व में आरक्षी पवन रजक, संदीप कुमार, ज्वाला बमसी व चालक राजेश चाहर की टीम ने विशेष नाका लगाकर सीमा स्तंभ संख्या 517/1 से लगभग 200 मीटर भारत की ओर तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान बोरियों में पैक 10 बोरी मक्का (प्रति बोरी 25 किलो, कुल 250 किलो) तथा 49 कार्टन किसमिस (प्रति कार्टन 10 किलो, कुल 490 किलो) बरामद की गई।
बरामद सामान का मौके पर ही जब्ती पंचनामा तैयार कर सीमा शुल्क कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि तस्कर तीसरे देश से सस्ते दाम पर माल नेपाल के रास्ते भारत लाकर महराजगंज, गोरखपुर समेत अन्य शहरों में ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते हैं।
सीमा पर एसएसबी की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।


