सोनौली/महराजगंज
सोनौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-24 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार इब्राहिम अंसारी (45) की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कुन्सेरवां स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ, जब लुंबिनी से श्रावस्ती की ओर जा रही एक टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इब्राहिम अंसारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और बस का पीछा करते हुए उसे छपवा टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। बाद में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद व नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने भी पहुंचकर परिजनों को उचित कार्रवाई और न्याय का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया
बताया जा रहा है कि बस में 48 यात्री सवार थे। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।


