सोनौली महराजगज
सोनौली कस्बे के वार्ड नंबर 10 रामजानकी नगर में बुधवार को एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक और सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार युवती घर के कमरे में अचेत अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया
मृतका की पहचान गोविंद सहानी की पुत्री मोना के रूप में हुई है। परिवार का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थी तथा उसका उपचार चल रहा था। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


