भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस की छापेमारी, ट्रांसपोर्ट दफ्तर से दस्तावेज जब्त, संचालक हिरासत में

 


सोनौली महराजगज


भारत-नेपाल सीमा से सटे कस्बे सोनौली में सोमवार को जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय पर करीब दस घंटे तक सघन छापेमारी की। इस दौरान कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और कई अहम वित्तीय दस्तावेज जब्त किए गए, जबकि संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया।



लखनऊ से पहुंची डीजीजीआई टीम एसआईओ के.एम. यादव के नेतृत्व में सुबह करीब नौ बजे सर्च वारंट के साथ मौके पर पहुंची और ‘देवकीनंदन ट्रांसपोर्ट’ कार्यालय की गहन तलाशी शुरू की। प्रारंभिक जांच में संचालक के कार्यालय में मौजूद न मिलने पर टीम उसके नौतनवा स्थित आवास पहुंची और बंटी सिंह को हिरासत में लेकर वापस कार्यालय लाई।


दिनभर चली जांच के दौरान टीम ने कंप्यूटर सिस्टम, हार्ड डिस्क, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और कई वित्तीय रिकॉर्ड कब्जे में लिए। शाम करीब सात बजे अधिकारी जब्त सामग्री और हिरासत में लिए गए युवक को साथ लेकर रवाना हो गए।


सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई जीएसटी चोरी और फर्जी रिफंड से जुड़े एक बड़े नेटवर्क की जांच के तहत की गई है। कई फर्मों के खातों में संदिग्ध लेन-देन और हेराफेरी के संकेत मिले हैं। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.