सोनौली/
भारत-नेपाल सीमा सोनौली से जुड़े जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने नेपाल के पर्यटन मंत्रालय को ज्ञापन सौंपकर नेपाली होटलों में भारतीय पर्यटकों के साथ कथित दुर्व्यवहार और भेदभावपूर्ण व्यवहार का मुद्दा उठाया है।
प्रतिनिधि मंडल में गोशाला समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी ओम प्रकाश वर्मा, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल, तथा भाजपा नेता राजू जायसवाल आनन्द जायसवाल शामिल रहे।
ज्ञापन में कहा गया है कि नेपाल घूमने आने वाले भारतीय पर्यटकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के साथ कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। साथ ही कुछ होटलों में ठहरने के दौरान भारतीय मुद्रा को लेकर अनावश्यक विवाद उत्पन्न किए जाने तथा पर्यटकों के साथ अपमानजनक व्यवहार की शिकायतें भी मिल रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल सरकार एवं पर्यटन मंत्रालय से ऐसे मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि भारत और नेपाल के बीच वर्षों पुराना रोटी-बेटी का संबंध, सांस्कृतिक निकटता और मैत्रीपूर्ण रिश्ते दोनों देशों की पहचान हैं। ऐसे में पर्यटकों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर रोक लगाना आवश्यक है
प्रतिनिधियों ने दोनों देशों के नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग की भावना को और मजबूत करने पर बल देते हुए पर्यटकों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है।


