सोनौली, महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा सोनौली कस्बे में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में व्यापारियों ने कस्बे में लगने वाले जाम, अनियंत्रित वाहन संचालन तथा तेज हॉर्न बजाने वाले वाहनों से आम लोगों को होने वाली परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष अजय सिंह एवं सुबास जायसवाल ने कहा कि कस्बे के अंदर तेज आवाज वाले हॉर्न का प्रयोग लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रमुख स्थानों पर चेतावनी संबंधी साइन बोर्ड लगाए जाएं तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
इस दौरान उपस्थित चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ई-रिक्शा चालकों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ई-रिक्शा निर्धारित टेम्पो स्टैंड पर ही खड़े किए जाएंगे। यदि कोई ई-रिक्शा चालक कस्बे के अंदर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करता या संचालन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में व्यापारियों ने प्रशासन से जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। सभी ने मिलकर सोनौली को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया।
मौके पर मुकेश जायसवाल रुपेश अग्रवाल रामानंद रौनियार नितिन मद्धेशिया प्रवीन गुप्ता राजू पटवा अजय जायसवाल अमित गुप्ता आनंद जयसवाल आदि लोग मैजूद रहे।



