भारत-नेपाल सीमा सोनौली में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से बढ़ी परेशानी, जाम से लोग हलकान

 



सोनौली, महराजगंज।


भारत-नेपाल सीमा से जुड़े कस्बा सोनौली में इन दिनों ई-रिक्शा चालकों की मनमानी आम लोगों और व्यापारियों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। रामजानकी चौराहे से लेकर मंगल बाजार की संकरी गलियों तक दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई ई-रिक्शा चालक निर्धारित स्थानों के बजाय मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्र में वाहन खड़ा कर सवारी भरते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। विशेषकर बाजार के व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।



व्यापारियों का कहना है कि लगातार लगने वाले जाम के कारण ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में परेशानी होती है, जिससे उनके व्यवसाय पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं मोहल्लों में रहने वाले लोगों का कहना है कि घरों से निकलना और आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करना मुश्किल हो गया है।


व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष सुबास जायसवाल  ने प्रशासन से मांग की है कि ई-रिक्शा संचालन के लिए निर्धारित स्टैंड और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि सोनौली की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।


स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.