स्वर्गद्वारी जा रही श्रद्धालुओं की जीप दुर्घटनाग्रस्त, मासूम समेत दो की जान गई

 




नेपाल 

नेपाल के प्युठान जिला में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां स्वर्गद्वारी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे भारतीय तीर्थयात्रियों की जीप गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में महराजगंज जिले की एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य यात्री घायल हो गए।



जानकारी के मुताबिक, स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 के टाकुरा क्षेत्र में लु 1 ज 3175 नंबर की माइक्रो जीप भिंगरी से स्वर्गद्वारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और जीप करीब 85 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।


हादसे में 3 वर्षीय काब्या मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय निर्मला मौर्या ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी घायलों को तुरंत बुटवल स्थित लुम्बिनी सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 7 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।


घायल यात्री उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के भिटौली बाजार और लक्ष्मीपुर शिवाला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।


प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी या पहाड़ी ढलान पर वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। सोनौली थाना प्रभारी समेत कई अधिकारी और नौतनवा के उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।


यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी और वाहन सुरक्षा की अहमियत को उजागर करता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.