महाराजगंज
महराजगंज। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना की टीम ने “प्रतिबिम्ब पोर्टल / हॉट स्पॉट” अभियान के अंतर्गत एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
कार्रवाई के दौरान 5 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लेकर विधिक प्रक्रिया अपनाई गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि गिरोह का मुख्य सरगना जनसेवा केंद्र संचालकों और स्थानीय युवाओं को लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। वह बैंक खातों के जरिए अवैध लेनदेन कराने के बदले 2.5% कमीशन देने का प्रलोभन देता था। इस तरीके से ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर ट्रेसिंग से बचने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते या ओटीपी की जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।


