सोनौली श्यामकाट नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर विपक्ष का पुतला फूंका, महिलाओं ने जताई नाराज़गी

 




​सोनौली 


(शामकाट): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद में प्रस्तुत किए गए 'नारी शक्ति वंदन अभिनंदन बिल' के विरोध से आक्रोशित महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का गुस्सा आज सड़कों पर फूट पड़ा। ग्राम सभा शामकाट स्थित दुर्गा मंदिर के सामने सोमवार को भारी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।


​प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सेवा भारती के ओमप्रकाश वर्मा, सोनौली नगर के मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल और भाजपा नेता नन्हे जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को उनका वाजिब हक देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन कांग्रेस के राहुल गांधी, सपा के अखिलेश यादव और शिवसेना (महाराष्ट्र) समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने इस बिल का विरोध कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है।



​प्रदर्शन में शामिल नीलू गौड़, प्रीति गौड़, किरन देवी और मनीषा गौड़ जैसी जागरूक ग्रामीण महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा:


​"जब तक देश की आधी आबादी को सदन और स्थानीय निकायों में पूर्ण भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक विकास की कल्पना अधूरी है। विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन बिल को रोककर देश की करोड़ों माताओं-बहनों का अपमान किया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

​प्रदर्शनकारियों ने एक सुर में मांग की कि महिलाओं को ग्राम प्रधान, मेयर, विधायक और सांसद बनने के लिए समुचित आरक्षण और अवसर मिलना चाहिए।

​नारी शक्ति वंदन बिल को बिना किसी बाधा के तुरंत पास किया जाए।

​राजनीति के हर स्तर (बीडीसी से लेकर मंत्री पद तक) पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो।

​महिला सशक्तिकरण के मार्ग में रोड़ा अटकाने वाले नेताओं का देशव्यापी विरोध।

इस विरोध प्रदर्शन में पानमती देवी, बच्ची, राहुल गिरी सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय माताएं-बहनें और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में इस पुतला दहन की चर्चा है और महिलाओं ने संकल्प लिया है कि वे अपने अधिकारों के लिए यह लड़ाई जारी रखेंगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.