महराजगज
महराजगंज के महदेईया में सोमवार को एक युवक द्वारा किया गया हाई वोल्टेज ड्रामा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर 20 वर्षीय युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा।
बताया जा रहा है कि परसामलिक थाना क्षेत्र के महदेईया निवासी विशाल भारती (20) सोनौली कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी से प्रेम करता है। फरवरी माह में दोनों ने चोरी-छिपे शादी भी कर ली थी, लेकिन परिजनों ने समझा-बुझाकर युवक को वापस घर ले आए थे।
हाल ही में युवक को पता चला कि उसके परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। इससे नाराज होकर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और प्रेमिका से शादी की मांग पर अड़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर वह टावर से नीचे कूद जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही परसामलिक थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर टावर के आसपास जमा भीड़ को हटाया और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब सात घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
काफी समझाने-बुझाने के बाद शाम करीब 7 बजे युवक टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई और एहतियात के तौर पर उसे कस्टडी में रखकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


