सोनौली महराजगज
सोनौली। भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कस्बे में सड़क पर बढ़ता अतिक्रमण अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। कस्बे के मुख्य मार्ग और नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी बाइकें, ठेले और रेडी-पटरी दुकानदारों के कारण सड़क लगातार संकरी होती जा रही है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों, स्थानीय लोगों और छोटे-बड़े वाहनों को इस जाम के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। भीड़भाड़ के बीच अचानक वाहन आने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे राहगीरों में डर का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण न केवल जाम की समस्या बढ़ रही है, बल्कि एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी रास्ता मिलने में परेशानी होती है। खासकर बाजार क्षेत्र और सीमा से सटे इलाकों में स्थिति और भी गंभीर बनी रहती है।
व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिल सके। वहीं, यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी विकट होने की आशंका जताई जा रही है।
सोनौली में बढ़ते अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार अब स्थानीय लोगों को है।



