निचलौल, महराजगंज
निचलौल, महराजगंज: तहसील निचलौल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर एक अनोखी पहल देखने को मिली। मिशन शक्ति 05 के तहत कक्षा 08 की छात्रा अनन्या दूबे को एक दिन का “जिलाधिकारी” बनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी संतोष शर्मा की मौजूदगी में छात्रा ने प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। अनन्या दूबे ने पूरे आत्मविश्वास के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आए मामलों में कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है, वहीं यह कार्यक्रम बेटियों के हौसले को नई उड़ान देने का संदेश भी दे रहा है।


