नौतनवा, महराजगंज
कस्बे में रसोई गैस की किल्लत अब गंभीर संकट बनती जा रही है। मंगलवार रात से गैस सिलेंडर के लिए सड़क पर लाइन लगाए बैठे उपभोक्ताओं पर बुधवार सुबह पुलिस की कार्रवाई ने आग में घी डालने का काम कर दिया। पुलिस ने सड़क पर रखे सिलेंडरों को जब्त कर थाने भेज दिया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
बताया जा रहा है कि नौतनवा कस्बे में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास मंगलवार रात करीब 8 बजे से ही सैकड़ों लोग गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे थे। बुधवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को तत्काल सिलेंडर हटाने का निर्देश दिया। पुलिस ने साफ कहा कि अब सड़क पर लाइन लगाने की अनुमति नहीं होगी और सभी को होम डिलीवरी से गैस मिलेगी।
पुलिस की चेतावनी के बाद ज्यादातर लोगों ने अपने सिलेंडर हटा लिए, लेकिन करीब आधा दर्जन सिलेंडर मौके पर पड़े रह गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन सिलेंडरों को जब्त कर थाने पहुंचा दिया। इस कदम से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
इस मामले में पुरुषोत्तम राव ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के सिलेंडर उठाए गए हैं, वे थाने पहुंचकर पासबुक दिखाने के बाद अपना सिलेंडर वापस ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि एसडीएम नौतनवा के निर्देश पर सड़क पर सिलेंडर की लाइन लगाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
हालांकि उपभोक्ताओं का कहना है कि जब समय पर होम डिलीवरी नहीं मिल रही है तो वे क्या करें? लोगों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियां समय पर सप्लाई नहीं दे रही हैं और प्रशासन कार्रवाई उपभोक्ताओं पर कर रहा है।
गैस संकट को लेकर कस्बे में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लोग प्रशासन और गैस एजेंसियों के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और बिगड़ सकती है।


