नेपाल
गौर। रौतहट जिले के मुख्यालय गौर में एक शादी समारोह के दौरान डीजे के तेज शोर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो समुदायों के बीच झड़प और पत्थरबाजी में बदल गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में एहतियातन कर्फ्यू लागू कर दिया है।
घटना गुरुवार शाम गौर नगरपालिका के सबगधा गांव से शुरू हुई थी, जहां डीजे की आवाज को लेकर कहासुनी के बाद तनाव बढ़ गया। शुक्रवार को स्थिति और गंभीर हो गई तथा दोनों पक्षों के बीच टकराव होने लगा।
मुख्य जिला अधिकारी दिनेश सागर भुसाल ने बताया कि हालात को काबू में रखने के लिए
दोपहर 1 बजे से अगले आदेश तक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। कर्फ्यू की सीमा पूर्व में मुदलवा गेट, पश्चिम में लाल बकैया बांध, उत्तर में बाम नहर और दक्षिण में गौर सीमा शुल्क कार्यालय तक निर्धारित की गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल नेपाल के जवानों को इलाके में तैनात किया गया है। सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, मामले में अब तक 18 लोगों को हिरासत में लिया गया है और दोनों समुदायों के बीच संवाद स्थापित कर शांति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है तथा जांच जारी है।


