सोनौली नगर में दिनदहाड़े हुई चोरी की सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। शुक्रवार दोपहर अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए खिड़की तोड़कर लाखों रुपये के गहने और नगद पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, राजनारायण जायसवाल निवासी गौतम बुद्ध नगर अपने परिवार के साथ सुबह अपने ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर के पीछे लगी लोहे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी के लॉकर में रखे करीब 20 से 25 तोला सोने के गहने व लगभग 1.25 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।
शाम करीब 4:30 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इस संबंध में कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



