नौतनवा-महराजगंज।
संविधान निर्माता, संविधान लेखन ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल 2026 को देश-विदेश में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इसी क्रम में सोमवार 13 अप्रैल 2026 को नौतनवा में जयंती को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गईं।
नौतनवा सेवा भारती के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, भारतीय जनता पार्टी सोनौली मंडल महामंत्री एवं नौतनवा विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक मनोज मद्धेशिया, मंडल उपाध्यक्ष व मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल तथा मंडल उपाध्यक्ष राजू भारती ने संयुक्त रूप से बाबा साहेब की जयंती के प्रचार-प्रसार का अभियान चलाया।
इस दौरान नेताओं ने बाबा साहेब द्वारा उपेक्षित, शोषित, गरीब और अशिक्षित समाज के उत्थान के लिए किए गए संघर्ष को याद किया और लोगों को उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के तहत नौतनवा नगर पालिका के वार्ड नंबर 21 राजेंद्रनगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई की गई। प्रतिमा को स्वच्छ जल से स्नान कराकर परिसर को सुंदर बनाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से अपील की गई कि बाबा साहेब की जयंती धूमधाम से मनाएं, मिठाई बांटें, बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करें और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखें।
अंत में "बाबा साहेब अमर रहें" और "भारत माता की जय" के उद्घोष के साथ सेवा कार्य का समापन किया गया।




