सोनौली, महराजगंज।
नगर पंचायत सोनौली स्थित आइडियल पब्लिक स्कूल (वार्ड नंबर 1, अंबेडकर नगर) में शनिवार, 07 फरवरी 2026 को आर्ट एंड क्राफ्ट, साइंस एग्ज़िबिशन एवं चिल्ड्रेन फन एंड फेयर का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम विद्यालय के विशाल खेल मैदान में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
इस आयोजन में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी प्रतिभा का
अनूठा प्रदर्शन देखने को मिलेगा। छात्र-छात्राएं विज्ञान मॉडल, स्टेम प्रोजेक्ट, इंजीनियरिंग आधारित प्रयोग, हस्तशिल्प कलाकृतियां तथा आकर्षक आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही बच्चों के मनोरंजन के लिए कई रोचक खेल, फन एक्टिविटीज और स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगे।
प्रधानाध्यापक जुनैद अहमद ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ रचनात्मक विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति भी अपेक्षित है, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी।


