नौतनवां (महराजगंज)।
थाना नौतनवां क्षेत्र के अड्डा बाजार स्थित डूंड़ी नदी के पास शनिवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान अजय वर्मा के रूप में हुई है। शव से करीब 10 मीटर दूरी पर उसकी पल्सर बाइक भी पड़ी मिली।
खबरों के मुताबिक आज सुबह ग्रामीण नदी की ओर गए तो उन्होंने मिल के सामने एक युवक का शव देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची नौतनवां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश वर्मा के बेटे अजय वर्मा के रूप में की है। अजय पिछले 15 वर्षों से अड्डा बाजार के बेलभार स्थित अपने ससुराल में रहकर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक, अजय रात में खाना खाने के बाद दूसरे घर में सोने की बात कहकर निकला था, लेकिन सुबह उसकी लाश मिलने से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पत्नी संध्या वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही है। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर सीधे तौर पर संदेह नहीं जताया गया है, लेकिन निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


